Home Gurugram गुरुग्राम के 26 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार कार्य पूरा, 41 इलाकों में...

गुरुग्राम के 26 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार कार्य पूरा, 41 इलाकों में चलाया गया अभियान

0

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने विभिन्न कॉलोनियों एवं गांवों में सीवरेज समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति का दावा किया है। नगर निगम के सीवरेज मैनेजमेंट सेल (एसएमसी) द्वारा चिन्हित 41 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार कार्य शुरू किए गए थे, जिनमें से 26 क्षेत्रों में कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि छह अन्य क्षेत्रों में कार्य अंतिम चरण में है।

मंगलवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित सीवरेज मैनेजमेंट सेल की प्रगति समीक्षा बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में शेष कार्यों को प्रभावी तरीके से पूरा करने को लेकर भी चर्चा हुई।

एसएमसी के तहत 26 क्षेत्रों में सीवर लाइनों की सफाई, डी-सिल्टिंग, नई सीवर लाइन तथा संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य पूरे किए गए हैं। इनमें उमंग भारद्वाज चौक, सरस्वती एन्क्लेव, वार्ड-9 व 10, बसई, कादीपुर एन्क्लेव, खांडसा, इंदिरा कॉलोनी, नरसिंहपुर और बहरामपुर सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।

धर्मी ठेका से बहरामपुर एसटीपी तक करीब 2.3 किलोमीटर लंबी 900 एमएम सीवर लाइन की डी-सिल्टिंग भी 100 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। वहीं बादशाहपुर, नूरपुर, देवी लाल कॉलोनी, सेक्टर-38, इस्लामपुर, सेक्टर-31, सेक्टर-40 और प्रेमपुरी सहित कई क्षेत्रों में बकेट मशीन एवं सुपर सकर मशीन के माध्यम से सीवर लाइनों की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य पूरा किया गया है।

इसके अलावा उल्लावास, बंधवाड़ी, चक्करपुर, कन्हई, सेक्टर-45, संजय ग्राम, आचार्यपुरी, गंगा विहार, सेक्टर-12ए, शिवाजी नगर, राजेंद्र पार्क और धनवापुर में भी विभिन्न सीवरेज कार्य पूरे किए गए हैं। चक्करपुर में करीब 10 किलोमीटर तथा कन्हई-सेक्टर-45 में करीब 5,835 मीटर सीवर लाइन की सफाई एवं डी-सिल्टिंग पूरी की गई है।

नगर निगम के अनुसार इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क की कार्यक्षमता बेहतर होने तथा नागरिकों को सुचारु सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। एमसीजी द्वारा सीवरेज समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सफाई, डी-सिल्टिंग और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version