Home India PM Modi Gujarat Maharashtra Visit: 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात,...

PM Modi Gujarat Maharashtra Visit: 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, GFF 2026 का करेंगे उद्घाटन

0

PM Modi Gujarat Maharashtra Visit: गुजरात-महाराष्ट्र दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी, 35 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इसके बाद वह मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन कर सभा को संबोधित करेंगे।

वडोदरा में 35 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री 8 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इस दौरान पश्चिमी समर्पित माल गलियारे (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। कुल 326 किलोमीटर लंबे इन खंडों के निर्माण पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं।

इन खंडों के शुरू होने के बाद समर्पित माल गलियारा नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा। जेएनपीए से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने से आयात-निर्यात माल की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होगा, लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटने की संभावना है।

नई मालगाड़ी और ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी

प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।

इसके साथ ही वह वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी रवाना करेंगे। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत निर्मित जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह रेल लाइन अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

9,700 करोड़ की तीन रेल परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी तीन रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं की लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है।

इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मलसार आमान परिवर्तन और विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से यात्री एवं माल परिवहन क्षमता बढ़ाने, रेल मार्गों पर भीड़ कम करने और गुजरात व मध्य प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

1,780 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला

प्रधानमंत्री करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान खंड को छह लेन करना, वडोदरा-सूरत खंड पर तापी और नर्मदा नदियों पर प्रमुख पुलों समेत अतिरिक्त ढांचों का निर्माण तथा एनएच-53 पर अभावा, मिंडहोला और खजोड़ जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

वहीं, एनएच-48 के वडोदरा-सूरत सेक्शन पर सड़क सुरक्षा मजबूत करने और ब्लैक स्पॉट की समस्या दूर करने के लिए प्रधानमंत्री कंडारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया पर छह-लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।

गुजरात सरकार की 2,600 करोड़ की परियोजनाएं भी शामिल

प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

इनमें वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण रिंग रोड फेज-2, कडाना बांध में 110 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय भवन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का भी उद्घाटन किया जाएगा।

मुंबई में GFF 2026 का उद्घाटन करेंगे PM मोदी

गुजरात दौरे के बाद प्रधानमंत्री शाम करीब 5:45 बजे मुंबई पहुंचेंगे। यहां वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे।

GFF का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है। इसे दुनिया के प्रमुख और प्रभावशाली वार्षिक फिनटेक सम्मेलनों में शामिल किया जाता है।

वर्ष 2020 से GFF ने नीति-निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, प्रौद्योगिकी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों सहित वैश्विक हितधारकों को एक मंच पर लाने वाले अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श मंच के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

Agentic AI और Tokenization पर होगा फोकस

इस वर्ष सम्मेलन की थीम “पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइज़ेशन, क्वांटम-समावेशी फाइनेंस के लिए भरोसेमंद, कनेक्टेड और ग्लोबल सिस्टम” है।

सम्मेलन में एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, टोकनाइजेशन और क्वांटम तकनीक जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के माध्यम से विश्व स्तर पर भरोसेमंद, समावेशी और प्रभावी वित्तीय व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version