फतेहाबाद में नशा तस्कर पर बड़ी कार्रवाई, 60 लाख का तीन मंजिला मकान कुर्क
फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): नशा तस्करों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार सख्त होती जा रही है। गिरफ्तारी और सजा के बाद अब तस्करों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जाखल पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर जोगिन्द्र सिंह का करीब 60 लाख रुपये मूल्य का तीन मंजिला मकान कुर्क कर लिया।
सफेमा, नई दिल्ली से स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टोहाना स्थित मकान को खाली करवाकर प्रशासनिक कब्जे में लिया गया और कुर्की की कार्रवाई पूरी की गई।
2000 में 2000 किलो चूरापोस्त के साथ पकड़ा गया था आरोपी
एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि चुहड़पुर, जाखल निवासी जोगिन्द्र सिंह के खिलाफ वर्ष 2000 में थाना जाखल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50 कट्टों में कुल 2000 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया था। इस मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायालय फतेहाबाद ने 4 नवंबर 2003 को 10 वर्ष के कठोर कारावास और भारी जुर्माने की सजा सुनाई थी।
सजा पूरी करने के बाद अब आरोपी की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।
जांच में अवैध कमाई से बना मिला तीन मंजिला मकान
जाखल थाना प्रभारी निरीक्षक बलराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल फतेहाबाद ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान टोहाना की कल्याण बस्ती, राजनगर स्थित तीन मंजिला रिहायशी मकान अवैध कमाई से निर्मित पाया गया। इसके बाद जांच रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी सफेमा, नई दिल्ली को भेजी गई।
वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मकान को खाली करवाकर प्रशासनिक कब्जे में लिया गया और कुर्की की कार्रवाई पूरी की गई।
नशे के कारोबार से जुड़ी संपत्ति नहीं बख्शी जाएगी
एसपी निकिता खट्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशा तस्करों द्वारा खड़ी की गई आर्थिक संपत्तियों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक 483 नशा तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। वहीं, 32 बड़े नशा तस्करों की कुल 5 करोड़ 34 लाख 98 हजार 149 रुपये की संपत्ति फ्रीज/कुर्क करवाई जा चुकी है।
एसपी ने कहा कि नशे के काले कारोबार से बनाई गई किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
