Home Delhi NCR 17 सितंबर को 76 करोड़ दीए जलाएगी BJP, जानें ‘सेवा संकल्प माह’...

17 सितंबर को 76 करोड़ दीए जलाएगी BJP, जानें ‘सेवा संकल्प माह’ की पूरी योजना

0

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद दिवाली’ मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी के अनुसार, 17 सितंबर को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर 76 करोड़ से अधिक दीपक जलाए जाएंगे। इस अभियान को ‘एक दिया आशीर्वाद का’ नाम दिया गया है।

भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी ने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम से होगी। इसके बाद एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प माह

भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा सप्ताह या सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है। इस बार पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने ‘सेवा संकल्प माह’ के रूप में अभियान चलाएगी।

इस दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को विशेष रूप से अभियान से जोड़ा जाएगा।

कई बड़े कार्यक्रमों का होगा आयोजन

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट तक’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

करोड़ों लाभार्थियों तक पहुंचने की तैयारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार की करीब 125 अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या करोड़ों में है। भाजपा का लक्ष्य इन लाभार्थियों के घरों तक पहुंचना है, जहां 17 सितंबर को दीपक जलाकर कार्यक्रम मनाया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने केंद्रीय स्तर पर तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। इसमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीया, डी. पुरंदेश्वरी और वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी को जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सभी राज्यों में भी अभियान के लिए टीमों का गठन कर लिया गया है और भाजपा कार्यकर्ता अधिक से अधिक लाभार्थी परिवारों तक पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं।

इन योजनाओं के लाभार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

पार्टी ने अधिक लाभार्थियों वाली प्रमुख योजनाओं को भी चिन्हित किया है। इनमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, ग्रामीण एवं शहरी आवास योजना, जीविका, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना शामिल हैं।

प्रेस नोट के अनुसार, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत देश में अब तक 41 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के करीब 81.35 करोड़ लाभार्थी बताए गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 10.58 करोड़ लाभार्थी हैं, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.32 करोड़ से अधिक किसान लाभार्थी बताए गए हैं।

इसके अलावा लखपति दीदी योजना के तहत 2 करोड़ महिलाएं, ग्रामीण आवास योजना के तहत 2.61 करोड़ से अधिक और शहरी आवास योजना के तहत करीब 1.12 करोड़ से अधिक लाभार्थी बताए गए हैं।

‘जीविका’ योजना के तहत जीविका दीदियों की संख्या करीब 1 करोड़ 40 लाख बताई गई है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत अगस्त 2026 तक 58.90 करोड़ से अधिक बैंक खाताधारी बताए गए हैं।

वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 57.92 करोड़ लोग कवर किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 27.33 करोड़ लाभार्थी और अटल पेंशन योजना में 8.96 करोड़ लाभार्थी बताए गए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version