तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : बिलासपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हाईवे पर पुराने टोल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास गांव निवासी 36 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। संदीप ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह अपनी बाइक से अपनी ससुराल पटौदी के खलीलपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles