नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में स्थित भूमिहीन कैंप में मंगलवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झुग्गियों को हटाने का अभियान चलाया। यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों के बाद की गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी विरोध को रोका जा सके।
डीडीए ने पहले ही क्षेत्र के निवासियों को 10 जून तक झुग्गियां खाली करने का नोटिस दिया था। बावजूद इसके कई लोगों ने झुग्गियां खाली नहीं कीं, जिसके बाद मंगलवार दोपहर से बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।
इससे पहले सोमवार को DDA ने कालकाजी एक्सटेंशन में अवैध रूप से बसे सभी निवासियों को औपचारिक नोटिस भेजकर निर्देश दिया था कि वे स्वेच्छा से अपना कब्जा हटा लें। DDA की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों ने विरोध किया।
कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा,
“चुनाव के वक्त झुग्गीवासियों से वादा किया जाता है कि ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ लेकिन चुनाव के बाद उन पर बुलडोजर चला दिया जाता है। क्या भाजपा चाहती है कि गरीब दिल्ली से भाग जाएं?”
उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने तीन दिन पहले बयान दिया था कि किसी झुग्गी को नहीं हटाया जाएगा, फिर भी पूरी कॉलोनी को खाली करवा दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले मद्रासी कैंप और वजीरपुर में भी इसी तरह की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई हो चुकी है। अब देखना यह है कि विस्थापित हुए परिवारों को वैकल्पिक आवास मिलेगा या नहीं।
इस कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार संगठनों की भी प्रतिक्रिया सामने आने की संभावना है। वहीं स्थानीय निवासियों ने पुनर्वास की मांग की है। फिलहाल डीडीए और प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था पर कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें
