जींद, वायरल सच (ब्यूरो) : पराली जलाने की लगातार घटनाएं सामने आने पर फील्ड टीमों पर सख्ती शुरू हो गई है। निगरानी टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि खेतों पर लगातार नजर रखी जाए।
यही टीमें प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ किसानों को जागरूक करना भी सुनिश्चित करेंगी। पराली आगजनी की किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों को क्षेत्र में हर हाल में सक्रिय रहना होगा। अब तक 50 से अधिक एफआईआर किसानों पर दर्ज हो चुकी हैं और डेढ लाख से अधिक जुर्माना भी लगाया जा चुका है। वहीं प्रशासन द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन और पराली जलाने से रोकने के लिए गांवों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है और लोगों को पराली प्रबंधन के लिए जागरूक किया गया।
शनिवार को एसडीएम दलजीत सिंह ने निर्देश किया कि गठित की गई सभी टीमें लगातार फील्ड में रहकर निगरानी करें। प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी पराली जलाने की घटना न हो। यदि ऐसी किसी गतिविधि की सूचना मिलती है तो मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने फायर ब्रिगेड विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और फायर ब्रिगेड के बीच निरंतर तालमेल बना रहे ताकि आग लगने की किसी भी स्थिति में तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि खेतों या खुले स्थानों पर पराली जलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह समाज और आने वाली पीढिय़ों के लिए एक गंभीर खतरा भी है। उनका उद्देश्य किसानों ओर जिला वासियों को जागरुक करना ओर पराली जलानें कि घटनाओं पर अंकुश लगाना है। पराली जलाना अथ्वा भुसे में आग लगाना एक दंडीय अपराध कि श्रेणी में आता है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेशों के तहत जो भी व्यक्ति पराली जलाते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना, एफआईआर दर्ज, अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि जिलेभर में पुलिस की विशेष टीमें लगातार सक्रिय निगरानी कर रही हैं। बीट अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं। पराली जलाने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर कार्रवाई की जा रही है। किसान वैकल्पिक उपाय अपना कर जींद को प्रदूषण मुक्त बनाने में पुलिस का साथ दें।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz