नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : भारत के बागवानी क्षेत्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। जम्मू-कश्मीर की प्रीमियम गुणवत्ता वाली चेरी की पहली अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक खेप सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब के लिए रवाना कर दी गई। यह निर्यात भारत सरकार के कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के नेतृत्व में हुआ है, जो वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन कार्य करता है।
इस उपलब्धि की जानकारी केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के माध्यम से दी। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर से चेरी की पहली खेप अब वैश्विक बाजारों की ओर अग्रसर है। इससे स्थानीय किसानों को अंतरराष्ट्रीय कीमतों का लाभ मिलेगा और उनकी आमदनी में वृद्धि होगी।”
पीयूष गोयल ने आगे बताया कि मोदी सरकार भारत को प्रीमियम कृषि उत्पादों का वैश्विक आपूर्तिकर्ता बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए लॉजिस्टिक्स और कोल्ड स्टोरेज से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर की जलवायु और उर्वर मिट्टी चेरी जैसी फलों की खेती के लिए आदर्श मानी जाती है। इस क्षेत्र की चेरी अपनी मिठास, रंग और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है। इससे पहले तक इनका उपभोग मुख्य रूप से देश के अंदर ही होता था, लेकिन अब वैश्विक मंच पर भी इसकी पहचान बनने लगी है।
यह चेरी निर्यात केवल एक व्यापारिक पहल नहीं है, बल्कि यह ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘ग्लोबल’ की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे जम्मू-कश्मीर की बागवानी अर्थव्यवस्था को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
