Vinkmag ad

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

Vinkmag ad

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): भारत रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलेगी और करीब 2,600 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखती है।

रेल मंत्रालय के अनुसार यह 10 कोचों वाली हाइड्रोजन ट्रेन है, जिसमें दो पावर कार और आठ यात्री कोच शामिल हैं। यह ट्रेन पारंपरिक बिजली या डीजल पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की मदद से स्वयं बिजली उत्पन्न करेगी। इसके संचालन के दौरान कार्बन उत्सर्जन या धुआं नहीं निकलेगा, बल्कि केवल जलवाष्प और गर्मी उत्सर्जित होगी।

ट्रेन की डिजाइन स्पीड 110 किमी प्रति घंटा है, जबकि जींद-सोनीपत रूट पर इसे 75 किमी प्रति घंटे की गति से संचालित किया जाएगा।

सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक

हाइड्रोजन ट्रेन में हाइड्रोजन रिसाव, आग, धुआं और अधिक तापमान का पता लगाने के लिए अत्याधुनिक सेंसर लगाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में हाइड्रोजन की सप्लाई स्वतः बंद हो जाएगी। इसके अलावा ट्रेन और जींद स्थित हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग स्टेशन पर आधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली भी स्थापित की गई है।

देश की सबसे बड़ी हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग सुविधा

इस परियोजना के तहत जींद में भारत की सबसे बड़ी रेलवे हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग सुविधा तैयार की गई है, जहां पानी से हाइड्रोजन बनाकर उसे सुरक्षित तरीके से संग्रहित किया जाता है और ट्रेन में भरा जाता है। इस सुविधा को पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) की मंजूरी भी मिल चुकी है।

दुनिया की सबसे बड़ी हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में शामिल

रेल मंत्रालय के मुताबिक दुनिया में अधिकांश हाइड्रोजन ट्रेनें 2 से 4 कोच की हैं, जबकि भारत की 10 कोच वाली यह ट्रेन क्षमता के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में शामिल है।

भविष्य की योजना

भारतीय रेलवे का कहना है कि इस परियोजना से मिले अनुभव के आधार पर भविष्य में कालका-शिमला जैसे अन्य रेल मार्गों पर भी हाइड्रोजन ट्रेनें चलाने की योजना है। यह परियोजना राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और पर्यावरण-अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Read Previous

गुरुग्राम में तेज रफ्तार डंपर ने डिलीवरी बॉय को कुचला, हाईवे पर एक घंटे तक हंगामा

Read Next

फतेहाबाद में ‘स्वच्छता ही स्वागत’ अभियान: सांसद सुभाष बराला ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular