गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक अनिल कुमार मूल रूप से अयोध्या के देवगिरी गांव का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से गुरुग्राम में किराये पर रहकर जेप्टो (Zepto) में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य कर रहा था। वह सुबह डिलीवरी के लिए निकला था, तभी हादसे का शिकार हो गया।
एक घंटे तक हाईवे पर प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एम्बुलेंस देर से पहुंची और पुलिस की कार्रवाई भी धीमी रही। नाराज राइडर्स ने करीब एक घंटे तक दिल्ली-जयपुर हाईवे पर प्रदर्शन किया और शव उठाने से रोक दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की घोषणा नहीं होगी, तब तक शव नहीं उठने देंगे।
प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।