Home India आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में गिल और बुमराह को नुकसान, देवदत्त पडिक्कल की...

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में गिल और बुमराह को नुकसान, देवदत्त पडिक्कल की बड़ी छलांग

0

दुबई, वायरल सच (ब्यूरो): भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को जारी ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दो स्थान फिसलकर नौवें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के मैट हेनरी गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। वह पांच स्थान की छलांग लगाकर 54वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय बल्लेबाजों में अब भी सबसे ऊंची रैंकिंग पर कायम हैं और सातवें स्थान पर हैं। यशस्वी जायसवाल 11वें स्थान पर बरकरार हैं।

हाल ही में समाप्त हुई भारत-श्रीलंका टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले श्रीलंका के सोनल दिनुषा दो शतकों की बदौलत करियर की सर्वश्रेष्ठ 25वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। अपने पहले पांच टेस्ट में उनका बल्लेबाजी औसत 86.57 रहा है।

भारत के ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन की पारी के दम पर 83वें से 65वें स्थान पर छलांग लगाई। श्रीलंका के पसिंदु सोरियाबंडारा ने अपने दूसरे ही टेस्ट में 80 और 92 रन बनाए, जिससे वह 170 स्थान ऊपर उठकर 74वें स्थान पर पहुंच गए। कामिंदु मेंडिस भी दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने के बाद फिर से शीर्ष-10 में शामिल हो गए हैं।

गेंदबाजों में श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो चार स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के स्पिनर मानव सुथार ने भी चार स्थान की छलांग लगाकर 44वां स्थान हासिल किया, जबकि मोहम्मद सिराज एक स्थान ऊपर उठकर 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

रॉबिन्सन और टंग की भी शानदार उछाल

पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में इंग्लैंड को 2-0 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन और जोश टंग की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है।

दोनों टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच रहे रॉबिन्सन ने प्रत्येक पारी में चार-चार विकेट लिए और मैच में कुल आठ विकेट लेकर 35 रन दिए। वह छह स्थान की छलांग लगाकर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रृंखला शुरू होने के बाद से वह 22 स्थान ऊपर चढ़ चुके हैं।

टंग ने मैच में पांच विकेट लेकर चार स्थान की छलांग लगाई और करियर की सर्वश्रेष्ठ 13वीं रैंकिंग हासिल की। श्रृंखला के दौरान उनकी रैंकिंग में 20 स्थान का सुधार हुआ है।

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने भी लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा उठाया है। एक मैच में नौ विकेट लेने के बाद वह 10 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

बल्लेबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तान के सऊद शकील को भी बड़ा फायदा हुआ है। दूसरी पारी में 97 रन की उनकी पारी से वह 15 स्थान ऊपर उठकर 18वें स्थान पर पहुंच गए। वह अब अपने देश के कप्तान बाबर आजम के बाद दूसरे सबसे ऊंची रैंकिंग वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं। बाबर पांच स्थान फिसलकर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version