गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल देश के भूगोल का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों भारतीयों के हृदय पर लगा ऐसा घाव था, जिसकी टीस आज भी बाकी है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व की जल्दबाजी, अदूरदर्शिता और परिस्थितियों को संभालने में विफलता की कीमत लाखों निर्दोष लोगों को अपने प्राण, घर-बार और सम्मान खोकर चुकानी पड़ी।
धनखड़ गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को विभाजन के इस काले अध्याय को कभी नहीं भूलना चाहिए। विभाजन के दौरान हमारे बुजुर्गों ने असंख्य बलिदान दिए। हजारों परिवार बिछड़ गए, लाखों लोगों को अपनी पुरखों की जमीन और घर छोड़कर शरणार्थी बनना पड़ा। माताओं और बहनों ने ऐसी अमानवीय यातनाएं झेलीं, जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना भी कठिन है।
उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण लाखों लोगों को अपनी जड़ों से उखड़कर नई जगहों पर जीवन दोबारा शुरू करना पड़ा। आजादी के संघर्ष और विभाजन की त्रासदी के दौरान असंख्य ऐसे नायक और सामान्य भारतीय भी थे, जिनके त्याग और बलिदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे अधिकारी थे।
ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि दशकों तक देश की नई पीढ़ी के सामने इतिहास का अधूरा पक्ष रखा गया। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि विभाजन की विभीषिका, विस्थापित परिवारों की पीड़ा और अनाम बलिदानियों की अनेक गाथाओं को राष्ट्रीय विमर्श में समुचित स्थान क्यों नहीं मिला।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य किसी के प्रति घृणा पैदा करना नहीं है, बल्कि इतिहास के सत्य को याद रखना और उन अनाम लोगों को श्रद्धांजलि देना है, जिन्होंने विभाजन की कीमत चुकाई। उन्होंने कहा कि इतिहास को भूलने वाली पीढ़ियां अक्सर उसकी गलतियों को दोहराने का जोखिम उठाती हैं।
धनखड़ ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल, कार्यक्रम संयोजक बोधराज सीकरी, पूर्व ओएसडी जगदीश चोपड़ा, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
