गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने अकादमिक सहयोग और विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यूएचएसआर के साथ ऐतिहासिक साझेदारी की है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कौशिक की पहल और मार्गदर्शन में गुरुग्राम विश्वविद्यालय एवं यूएचएसआर के बीच अकादमिक, क्लीनिकल ट्रेनिंग और रिसर्च सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय के साइकोलॉजी विद्यार्थियों को क्लीनिकल ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब उन्हें हरियाणा के प्रतिष्ठित मेडिकल विश्वविद्यालय में वास्तविक क्लीनिकल वातावरण में सीखने और अपने व्यावहारिक अनुभव को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
PGIMS में मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न मामलों को करीब से समझेंगे विद्यार्थी
गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि यह ऐतिहासिक समझौता साइकोलॉजी के विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्हें प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थान में वास्तविक मरीजों के साथ काम करने और क्लीनिकल अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ उनकी रोजगार संभावनाओं में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि एमओयू के तहत पीजीआईएमएस में गुरुग्राम विश्वविद्यालय के विद्यार्थी सिजोफ्रेनिया, बाइपोलर डिसऑर्डर, डिप्रेशन, बच्चों से संबंधित मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और नशे से जुड़ी मानसिक बीमारियों सहित विभिन्न मामलों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह अनुभव उनके लिए किताबी ज्ञान से कहीं अधिक उपयोगी साबित होगा।
मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम
पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यह एमओयू केवल दो विश्वविद्यालयों के बीच हुआ समझौता नहीं है, बल्कि हरियाणा में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक दूरगामी कदम है।
उन्होंने कहा कि अकादमिक संस्थानों और क्लीनिकल संस्थानों के बीच इस तरह का सहयोग विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में शोध और सेवाओं को भी नई दिशा देगा।
संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट और कॉन्फ्रेंस भी होंगे आयोजित
गुरुग्राम विश्वविद्यालय की डीन प्रो. गायत्री रैना आर्य ने बताया कि एमओयू के तहत भविष्य में दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट पर भी काम करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विषयों पर संयुक्त कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर यूएचएसआर की ओर से कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम. वशिष्ठ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह साझेदारी गुरुग्राम विश्वविद्यालय के साइकोलॉजी विद्यार्थियों के लिए क्लीनिकल शिक्षा, रिसर्च और व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर खोलने के साथ हरियाणा में मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
