गुरुग्राम में खुले में घूम रहे पशुओं पर कार्रवाई, एसआर एंटरप्राइजेज को मिला ठेका
गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले घूमने वाले पशुओं को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए नगर निगम ने शहर के अलग-अलग जोन को क्लस्टरों में बांटकर एसआर एंटरप्राइजेज एजेंसी को पशुओं की कैप्चरिंग और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
दो क्लस्टरों में शुरू हुआ अभियान
एजेंसी को दो वर्ष तक की आयु वाले बछड़ों तथा दो वर्ष से अधिक उम्र के गाय और बैलों को पकड़कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाने का काम दिया गया है। इसके तहत जोन-1 से जोन-8 तक पशुओं की कैप्चरिंग और ट्रांसपोर्टेशन का कार्य शुरू हो चुका है।
नगर निगम ने एजेंसी को तय नियमों और शर्तों के मुताबिक काम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभियान के लिए जरूरी वाहनों की व्यवस्था करने और किए गए कार्य का लॉग बुक में रिकॉर्ड दर्ज करने को कहा गया है।
डेयरी संचालकों और पशुपालकों को निर्देश
नगर निगम ने डेयरी संचालकों और पशुपालकों से अपने पशुओं को परिसर के अंदर सुरक्षित तरीके से बांधकर रखने की अपील की है। पशुओं को सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला छोड़ने से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़कों पर खुले घूमने वाले पशुओं से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय और व्यस्त सड़कों पर अचानक सामने आने वाले पशुओं की वजह से गंभीर हादसा हो सकता है।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान यदि कोई खुला पशु किसी डेयरी या पशुपालक का पाया जाता है, तो उसे पकड़कर गौशाला भेजा जाएगा।
पशुओं को भगाने से बढ़ सकता है हादसे का खतरा
नगर निगम की टीमों को पशुओं को पकड़ने के अभियान के दौरान कुछ लोगों की वजह से परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। कई बार बाइकर ग्रुप और युवक टीम के आसपास पहुंच जाते हैं और पशुओं को भगाने की कोशिश करते हैं।
नगर निगम के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से कार्रवाई में रुकावट आती है और सड़क पर अचानक भागते पशुओं के कारण दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
नगर निगम ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे पशु पकड़ने वाली टीमों के सरकारी कार्य में बाधा न डालें और पशुओं को न भगाएं। पशु के अचानक सड़क पर आने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की टक्कर हो सकती है, जिससे पशु और आम लोगों दोनों की जान खतरे में पड़ सकती है।
