गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): कंस्ट्रक्शन कंपनी शिवा बिल्डटेक के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार सुबह एक साथ छापेमारी की। पांच वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में ईडी का सर्च अभियान चलाया गया। टीम कंपनी के दो निदेशकों के घर भी जांच के लिए पहुंची।
ईडी की टीम ने निदेशक अशोक जैन के सेक्टर-14 स्थित मकान और दूसरे निदेशक रोहित गुप्ता के सिविल लाइंस स्थित न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के मकान पर जांच की। सूत्रों के मुताबिक, मामला बड़े स्तर पर वित्तीय हेरा-फेरी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। ईडी अधिकारी कंपनी के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड, रियल एस्टेट प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों और कंप्यूटर-लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
शिवा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड 30 मार्च 1998 से रजिस्टर्ड है और रोड कंस्ट्रक्शन व इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी हाईवे, सड़क, पुल, ऑडिटोरियम और कमर्शियल-रेजिडेंशियल बिल्डिंग्स के निर्माण से जुड़ी है। कंपनी के पास जीएमडीए और एनएचएआई के टेंडर भी रहे हैं।
कंपनी का सालाना टर्नओवर 100 से 500 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है।
