Gurugram Sports: 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, प्रदेशभर के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके तहत लॉन टेनिस के 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों तथा क्रिकेट के 14 और 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
उप-जिला शिक्षा अधिकारी गीता आर्य ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन उप-जिला शिक्षा अधिकारी गीता आर्य ने किया। कार्यक्रम में एसटीपी जीएमडीए वेद प्रकाश सहरावत और समाजसेवी एवं भाजपा नेता रवि बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वागत गीत और हरियाणवी नृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
वहीं, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राओं ने मनमोहक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। इससे कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़ खेड़ी के प्रधानाचार्य नवीन खन्ना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्लामपुर के प्रधानाचार्य लखपत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
खिलाड़ियों को दिलाई खेल भावना से खेलने की शपथ
राज्य के विभिन्न जिलों से प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ भी दिलाई गई। यह शपथ गुरुग्राम के एक क्रिकेट खिलाड़ी द्वारा दिलाई गई।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में उतर रहे हैं।

