गुरुग्राम में SIR अभियान के समापन में केवल 4 दिन शेष, मतदाताओं से जल्द गणना प्रपत्र जमा करने की अपील
उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा करने से मतदाता के निर्वाचन रिकॉर्ड का सत्यापन सुगमता से हो सकेगा और भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता अपने वर्तमान मतदाता विवरण तथा आवश्यकता पड़ने पर वर्ष 2002 की निर्वाचक नामावली या संबंधित परिजन के उपलब्ध विवरण के आधार पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन खोज की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। इसके माध्यम से मतदाता वर्ष 2002 की विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। वर्तमान मतदाता सूची में भी नाम, EPIC नंबर अथवा अन्य विवरण के आधार पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसी पोर्टल पर ‘Know Your Polling Officials’ विकल्प के माध्यम से संबंधित BLO की जानकारी भी उपलब्ध है।
उपायुक्त ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान BLO के साथ सक्रिय समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दें, ताकि अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा कर निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया को सुचारु बनाने में सहयोग करें।
