Home Gurugram गुरुग्राम में सीवर गड्ढे में धंसने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक बाल-बाल बचा;...

गुरुग्राम में सीवर गड्ढे में धंसने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक बाल-बाल बचा; सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर उठे सवाल

0

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम के सेक्टर-9 स्थित राजकीय कॉलेज के पास मंगलवार को सीवर लाइन के निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश के चलते गड्ढे के आसपास की मिट्टी धंस गई, जिससे भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही गड्ढे के पास पहुंची, बारिश से कमजोर हुई मिट्टी अचानक धंस गई। संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने का प्रयास शुरू किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सीवर लाइन की खुदाई के बाद गड्ढे को सुरक्षित तरीके से नहीं भरा गया। साथ ही मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को खतरे की जानकारी नहीं मिल सकी।

निवासियों का कहना है कि मानसून के दौरान इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उनका कहना है कि यदि ट्रैक्टर-ट्रॉली की जगह स्कूल बस, कार या दोपहिया वाहन होता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में चल रहे सभी सीवर और सड़क निर्माण कार्यों के स्थलों पर तत्काल सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए। साथ ही खुले गड्ढों की उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version