गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : गुरुग्राम सड़कों की हालत इन दिनों आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। शहर के कई इलाकों में सड़कें इस कदर टूट चुकी हैं कि लोग अब गड्ढों के बीच रास्ता तलाशने को मजबूर हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने बुधवार को इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
डावर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गुरुग्राम यात्रा के दौरान कहा, “मुख्यमंत्री जी, कुछ करो! यहां तो गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है, लेकिन सड़क मिलती ही नहीं। हमें इन्हीं गड्ढों से होकर निकलना पड़ता है। वाहन भी बर्बाद हो रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं।”
अशोक विहार फेज-3: सड़क का अस्तित्व खत्म
पंकज डावर के अनुसार, पालम विहार से शहर की ओर आने के लिए जो प्रमुख रास्ता अशोक विहार फेज-3 के सामने से होकर जाता है, वह अब पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुका है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं और कीचड़ से सने हुए इस मार्ग पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं।
“पहले जहां एक पक्की सड़क हुआ करती थी, आज वहां सिर्फ गड्ढे और कीचड़ हैं। हर वाहन चालक यहां से रो-रोकर निकलता है।” – पंकज डावर
दुपहिया वाहन चालकों की सबसे बड़ी परेशानी
डावर ने बताया कि दुपहिया वाहन चलाने वालों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ रही है। बारिश के मौसम में कीचड़ से भरी सड़कों पर स्कूटर या बाइक चलाना न केवल कठिन है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।
“पास से गुजरने वाले चारपहिया वाहन जब कीचड़ उड़ाते हैं तो दोपहिया वाहन सवार कीचड़ में सन जाते हैं। फिसलकर गिरने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं,” डावर ने कहा।
निगम की लापरवाही या भ्रष्टाचार?
पंकज डावर का आरोप है कि नगर निगम गुरुग्राम इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा। जिन सड़कों की मरम्मत कुछ ही महीने पहले हुई थी, वे भी आज उखड़ चुकी हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क निर्माण कार्य में किस स्तर की गुणवत्ता अपनाई गई थी।
“हाउस टैक्स और रोड टैक्स सभी नागरिक समय पर दे रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें टूटी-फूटी सड़कें और जानलेवा गड्ढे मिल रहे हैं।”
जनता में भी आक्रोश, हर रोज़ की है परेशानी
अशोक विहार, पालम विहार, सेक्टर-23 और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों में भी भारी नाराज़गी है। आमजन का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद न कोई अधिकारी मौके पर आता है और न ही कोई सुधार कार्य शुरू होता है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

