गुरुग्राम: स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा में 4500 पुलिसकर्मी तैनात

11 प्रमुख नाकों पर विशेष नाकाबंदी, समारोह स्थलों पर क्यूआरटी और एंटी-सैबोटाज चेकिंग

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): 80वें स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। जिले में करीब 4500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम पांच स्थानों पर आयोजित होंगे। पुलिस ने वीआईपी रूट की एंटी-सैबोटाज चेकिंग कराई है। सड़क किनारे निगरानी, रूफ-टॉप ड्यूटी, आउटर कॉर्डन और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

वीआईपी के आवागमन के दौरान कट, रेड लाइट, टी-प्वाइंट, फ्लाईओवर और अंडरपास पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-38 सहित सभी प्रमुख समारोह स्थलों पर वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। प्रवेश के दौरान गहन जांच की जाएगी।

महिलाओं की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों और फ्रिस्किंग कैबिन की व्यवस्था की गई है। मंच, परेड ग्राउंड, पार्किंग और आसपास की ऊंची इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वीआईपी स्टेज और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) भी मौजूद रहेगी।

11 प्रमुख नाकों पर विशेष निगरानी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में 11 प्रमुख नाका प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर गुरुवार शाम चार बजे से समारोह समाप्त होने तक पुलिस बल तैनात रहेगा।

नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और वायरलेस सेट के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नाके भी लगाए जाएंगे।

पुलिस द्वारा होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल और क्लबों की विशेष चेकिंग की जाएगी। समारोह स्थलों और वीआईपी रूट पर एंटी-सैबोटाज जांच भी लगातार की जाएगी। संदिग्ध बैग या सामान लेकर किसी को समारोह स्थल के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।

फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी रहेंगी तैनात

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख समारोह स्थलों पर पांच फायर ब्रिगेड और पांच एंबुलेंस तैनात रहेंगी। पुलिस ने वायरलेस संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया है।

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और कमान संभालने के लिए प्रत्येक समारोह स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुग्राम पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles