गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गांव गैरतपुर बास में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान गांव में स्थापित किए गए नमो वन का उद्घाटन भी किया गया। नमो वन क्षेत्र में करीब 10 हजार पौधे लगाए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधों की देखभाल जरूरी: डॉ. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गैरतपुर बास गांव अरावली पर्वतमाला से घिरा हुआ है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यहां 10 हजार से अधिक पेड़ लगाए गए हैं। नमो वन के विकसित होने से आने वाले समय में यह क्षेत्र और अधिक हरा-भरा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी नागरिक अपने घर-आंगन, चौपाल, मंदिर या अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाएं और उन्हें अभिभावक की तरह संरक्षित कर बड़ा करें।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहले से लगे पेड़ों को बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। बड़े पेड़ हमारी धरोहर हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए कागज, टिशू पेपर और पॉलीथिन का कम से कम उपयोग करने तथा ई-कार्ड और कपड़े के थैले अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने गोबर से बनी लकड़ी के उपयोग को भी बढ़ावा देने की बात कही। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश और प्रदेश को विकसित बनाने में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान भी किया।
प्रदूषण कम करने में जनभागीदारी जरूरी: राव नरबीर सिंह
वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रकृति और पेड़ों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाया है।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनका संरक्षण करना हमारा नैतिक धर्म और कर्तव्य है। एनसीआर में प्रदूषण की समस्या के कारण लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अरावली क्षेत्र प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसके संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि गैरतपुर बास में नमो वन के अंतर्गत करीब 10 हजार पौधे लगाए गए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि पौधारोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र एक समृद्ध हरित क्षेत्र के रूप में विकसित हो।
