गुरुग्राम कांग्रेस के शहरी एवं ग्रामीण अध्यक्ष समेत 12 पर केस दर्ज

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले की सुरक्षा में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट के मामले में गुरुग्राम कांग्रेस के शहरी एवं ग्रामीण अध्यक्ष समेत 12 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एएसआई चांद राम की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीएम के काफिले के सामने पहुंचकर रास्ता रोकने का आरोप

पुलिस शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त को मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे के दौरान एएसआई चांद राम क्यूआरटी वेस्ट टीम के साथ सिविल लाइन रोड पर कानून व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थे।

स्वतंत्रता सेनानी हॉल, सिविल लाइन में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला राजीव चौक की ओर रवाना हुआ। पुलिस के मुताबिक, राजीव चौक से करीब 100 मीटर पहले बाईं ओर की गली से कुछ लोग अचानक सड़क पर आ गए और मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंचकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया।

सुरक्षा को देखते हुए काफिले को तत्काल दाईं ओर मोड़कर आगे निकाला गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से रास्ता खाली करने और नारेबाजी बंद करने का अनुरोध किया।

पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और हाथापाई का आरोप

पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने एएसआई चांद राम और क्यूआरटी के जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। शिकायत के अनुसार, एएसआई की वर्दी भी फाड़ दी गई।

घटना में एएसआई चांद राम और ईएचसी कर्मबीर घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों का सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया गया।

कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव और जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर समेत 12 लोगों को नामजद किया है।

नामजद आरोपियों में हरकेश, अमन प्रजापत, राजीव यादव, नीरज यादव, विकास हुड्डा, मुकेश डागर, शिव, निखिल, अनुज तथा डॉ. हरेन्द्र सहरावत भी शामिल हैं।

शिकायत में पांच-छह अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मौके से हरकेश नामक एक आरोपी को काबू कर लिया गया।

सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों की जांच

सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई शालिंदर के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles