Home Gurugram गुरुग्राम में बरसाती पानी में Cars24 ने चलाई ब्रांडेड नाव, पुलिस ने...

गुरुग्राम में बरसाती पानी में Cars24 ने चलाई ब्रांडेड नाव, पुलिस ने काटा 50 हजार का चालान

0

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम में जलभराव पर तंज कसने के लिए सड़क पर ब्रांडेड नाव उतारना ऑनलाइन कार खरीद-बिक्री कंपनी Cars24 को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस ने नाव का 50 हजार रुपये का चालान काटने के साथ उसे जब्त भी कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पानी में उतारी गई नाव को अपने कब्जे में ले लिया और 50 हजार रुपये का चालान किया।

जानकारी के अनुसार, शहर में भारी बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव को लेकर Cars24 की ओर से ब्रांडेड नीली नाव सड़क पर उतारी गई थी। कंपनी की ब्रांड और कम्युनिकेशंस हेड प्राची शर्मा ने LinkedIn पर एक पोस्ट के माध्यम से इस पूरे मामले की जानकारी साझा की।

प्राची शर्मा के अनुसार, शनिवार को कंपनी ने गुरुग्राम की जलभराव वाली सड़कों पर प्रशासन की कथित विफलता पर व्यंग्य करने के उद्देश्य से Cars24 ब्रांड वाली नाव पानी में उतारी थी। उन्होंने नाव की तस्वीर साझा करते हुए जलभराव के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का भी चालान किए जाने की बात कही।

पोस्ट के मुताबिक, नाव पानी में उतारने के कुछ ही मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नाव को जब्त कर लिया और 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। प्राची शर्मा ने अपनी पोस्ट में इसे बारिश के दौरान किया गया मजाक बताते हुए कहा कि कानून तोड़ने की उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बाद में जलभराव की स्थिति इतनी खराब हो गई कि लोग घर पहुंचने के लिए उसी नाव का इस्तेमाल करने लगे। उनके अनुसार, पानी से निकलने के लिए नाव उस समय सबसे तेज साधन बन गई थी।

हालांकि, इस मामले में एसीपी यातायात सत्यपाल ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version