गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा के गुरुग्राम में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी की शाखा में हुई 9 करोड़ रुपये की डकैती की साजिश इंस्टाग्राम पर रची गई थी। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने सोनीपत के गोहाना में कई बार इसकी रिहर्सल की थी।
16 अगस्त की शाम पांच हथियारबंद बदमाश ऑडिटर बनकर शाखा में घुसे और पिस्टल के बल पर साढ़े आठ किलो सोना और साढ़े आठ लाख रुपये लूट ले गए। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। मास्टरमाइंड और अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, वहीं रची गई डकैती की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के मास्टरमाइंड ने इंस्टाग्राम के माध्यम से गैंग बनाया और दस लोगों की टीम तैयार की। इसमें से तीन ने रेकी की, चार ने शाखा के अंदर जाकर डकैती को अंजाम दिया और दो निगरानी में लगे थे।
गोहाना में हुई बैठकों के दौरान डकैती की बारीकी से योजना बनाई गई। वहीं पर इस ऑपरेशन की रिहर्सल भी की गई थी। मास्टरमाइंड स्वयं मौके पर कभी नहीं आया, बल्कि अपने सेकंड मैन को फोन के ज़रिए निर्देश देता रहा।
सरदार की वेशभूषा में आया था एक आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शाखा में जो बदमाश सरदार की वेशभूषा में आया था, वह मास्टरमाइंड का दूसरा विश्वसनीय सहयोगी था। यह भी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
फायरिंग में खुद को लगी गोली, फिर भी भागा
लूटपाट के दौरान एक बदमाश मनीष के हाथ में उसी की पिस्टल से गोली चल गई थी। गोली लगने के बावजूद वह फरार हो गया। बाद में घायल हालत में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है और इलाज के बाद औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी और पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने अब तक जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
- सन्नी उर्फ सुनील (बुसाणा, गोहाना)
- मोहन उर्फ मोना (सिवानखा, सोनीपत)
- राहुल उर्फ बहरा (फुरलक, करनाल)
इन तीनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मास्टरमाइंड सहित बाकी आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा और लूटा गया सोना व नकदी बरामद की जाएगी।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें
