फरीदाबाद में गैस सप्लायर बन ₹5.40 लाख की साइबर ठगी, ग्रेटर नोएडा से तीन आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): फ्लोरॉन गैस सप्लायर बनकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशल, विनीत और कपिल के रूप में हुई है। तीनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भीमसेन कॉलोनी निवासी एक ऑटोमोबाइल कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 26 मार्च 2026 को इंडियामार्ट पर फ्लोरॉन गैस खरीदने के लिए संपर्क किया था। इसके बाद श्रुति एंटरप्राइजेज नाम से संपर्क करने वाले कथित सेल्सपर्सन ने 400 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से 1350 डिब्बों (50 बॉक्स) का ऑर्डर बुक कराने के लिए पूरी राशि अग्रिम जमा कराने को कहा।

शिकायतकर्ता ने 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में कुल ₹5.40 लाख जमा करा दिए। भुगतान के बाद न तो सामान मिला और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं और ग्रेटर नोएडा में किराए के कमरे में साथ रहते थे। आरोपियों ने इंडियामार्ट पर फ्लोरॉन गैस सप्लायर के रूप में अपना नंबर पंजीकृत कर रखा था। जैसे ही कोई ग्राहक गैस खरीदने के लिए संपर्क करता, उसकी जानकारी आरोपियों तक पहुंच जाती थी।

पुलिस जांच के अनुसार कपिल ने खुद को श्रुति एंटरप्राइजेज का मैनेजर बताकर शिकायतकर्ता से बातचीत की, जबकि विनीत ने ट्रक चालक बनकर यह झांसा दिया कि सामान लोड हो चुका है और जल्द ही डिलीवरी कर दी जाएगी। कौशल पूरे षड्यंत्र में शामिल था और ठगी की योजना को अंजाम देने में सहयोग कर रहा था।

पुलिस के अनुसार कपिल और कौशल 12वीं पास हैं, जबकि विनीत 10वीं पास है। कौशल और विनीत ग्रुप-डी परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles