Home Haryana फतेहाबाद में कबाड़ कारोबार के नाम पर 70 लाख की ठगी, अमृतसर...

फतेहाबाद में कबाड़ कारोबार के नाम पर 70 लाख की ठगी, अमृतसर से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में कबाड़ कारोबार में निवेश पर दोगुना-तिगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निर्मल सिंह को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव के अनुसार, टोहाना के प्रेम नगर निवासी मीता गुप्ता ने शिकायत दी थी कि कुछ परिचितों ने उन्हें कबाड़ के कारोबार में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में आरोपियों ने छोटी रकम पर लाभ लौटाकर उनका भरोसा जीत लिया।

इसके बाद आरोपियों ने महिला को बड़े निवेश के लिए प्रेरित किया। महिला ने अपने सोने-चांदी के आभूषण और प्लॉट तक गिरवी रख दिए तथा रिश्तेदारों से ब्याज पर पैसे लेकर आरोपियों को सौंप दिए। आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर, विभिन्न बैंक खातों और नकद के माध्यम से कुल लगभग 70 लाख रुपये हासिल कर लिए।

जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी बहाने बनाने लगे और बाद में अपने ठिकाने बदलकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने बटाला रोड, अमृतसर निवासी निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब ठगी की रकम के लेन-देन, बैंक खातों और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version