Home Haryana फतेहाबाद में NEET धांधली और सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में...

फतेहाबाद में NEET धांधली और सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

0

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव भूथन कलां में रविवार को भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले युवाओं और छात्रों ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा पर्यावरणविद सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरे और नीमवाला चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही कथित अनियमितताएं लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने लद्दाख के मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है और सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

जनवादी नौजवान सभा के वरिष्ठ नेता पवन भूथन ने बताया कि NEET परीक्षा विवाद, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर 20 जुलाई को दिल्ली में संसद मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और छात्रों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

इस अवसर पर रोशन कुलड़िया, सुरजीत, बलजीत सिंगला, अनंत सिंगला, विक्की पटीर, हर्ष ढाका सहित बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version