फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो):
मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि अब लेबर चौक पर आने वाले सभी मजदूरों का पंजीकरण किया जाएगा और इसके बाद टोकन प्रणाली के माध्यम से उन्हें व्यवस्थित ढंग से काम उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे मजदूरों के साथ होने वाली मनमानी और शोषण पर रोक लगेगी तथा सभी को समान अवसर मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत चौक पर आने वाले प्रत्येक मजदूर को टोकन दिया जाएगा, जिससे किसी भी मजदूर को बिना काम के लौटना न पड़े। साथ ही, मजदूरों के लिए दुर्घटना और बीमारी की स्थिति में बीमा (इंश्योरेंस) सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
लेबर चौक पर मजदूरों के लिए बैठने की व्यवस्था, ठंडे पीने के पानी और चाय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे काम मिलने का इंतजार करते समय उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मजदूरों की मजदूरी में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी से हजारों श्रमिकों को सीधा लाभ मिला है।
बरसात के मौसम की तैयारियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। विशेष रूप से फरीदाबाद और गुरुग्राम में जलभराव की समस्या को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
