Home Delhi NCR दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के क्रियान्वयन को लेकर हितधारकों के साथ पहली...

दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के क्रियान्वयन को लेकर हितधारकों के साथ पहली उच्च-स्तरीय चर्चा

0

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मास्टर प्लान दिल्ली-2047 के क्रियान्वयन को गति देने के लिए सांसदों और विधायकों सहित प्रमुख हितधारकों के साथ मंगलवार को पहली उच्च-स्तरीय चर्चा बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी और प्रवीण खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार ने बैठक में दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के प्रमुख प्रावधानों और इसके क्रियान्वयन के ढांचे को प्रस्तुत किया। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बताया कि ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी), हाई-डेंसिटी कॉरिडोर (एचडीसी), लैंड पूलिंग और कम घनत्व वाले क्षेत्रों पर मास्टर प्लान में विशेष ध्यान दिया गया है।

प्रस्तुति के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव दिए और मास्टर प्लान के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए।

एन. सरवण कुमार ने कहा कि यह चर्चा दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के विजन को हकीकत में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इसे हितधारकों के साथ लगातार जुड़ाव और समन्वित क्रियान्वयन के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली की ओर बढ़ते हुए विकसित भारत 2047 के विजन में योगदान दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 12 अगस्त को डीडीए बोर्ड ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में दिल्ली मास्टर प्लान 2047 को मंजूरी दी थी। इसके बाद 20 अगस्त को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इसे लॉन्च किया था।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version