Home India मुख्यमंत्री की चेतावनी के 12 घंटे में कार्रवाई, हुमायूं कबीर की सभा...

मुख्यमंत्री की चेतावनी के 12 घंटे में कार्रवाई, हुमायूं कबीर की सभा के तीन आयोजक गिरफ्तार

0

कोलकाता, वायरल सच (ब्यूरो): आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख एवं मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा से विधायक हुमायूं कबीर के कथित विवादित और भड़काऊ बयान मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सभा के तीन आयोजकों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा विधानसभा में सख्त चेतावनी दिए जाने के लगभग 12 घंटे के भीतर यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान गोलाम मुस्तफा, मोहम्मद अमीनुल हक और अनिसुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार देर रात दो अलग-अलग अभियानों में तीनों को हिरासत में लिया।

दरअसल, हाल ही में मुर्शिदाबाद के रेजीनगर और शक्तिपुर में आयोजित सभाओं के दौरान विधायक हुमायूं कबीर के कथित भड़काऊ बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। आरोप है कि इन सभाओं में दिए गए भाषणों में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं। इस संबंध में रेजीनगर और शक्तिपुर थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

सोमवार को विधानसभा में इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि सबसे पहले उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने हुमायूं कबीर को सभा के लिए आमंत्रित किया और उसके बाद विधायक के खिलाफ भी कानून के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने हुमायूं कबीर को भी संयम बरतने की सलाह दी थी।

मुख्यमंत्री की चेतावनी के अगले ही दिन पुलिस ने रेजीनगर थाने में दर्ज मामले में गोलाम मुस्तफा और मोहम्मद अमीनुल हक को गिरफ्तार कर लिया। गोलाम मुस्तफा आम जनता उन्नयन पार्टी के काशीपुर-दो क्षेत्र के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। वहीं, शक्तिपुर थाना पुलिस ने बेलडांगा-दो ब्लॉक के पार्टी संयोजक अनिसुर रहमान को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद अमीनुल हक रेजीनगर के लोकनाथपुर गांव के निवासी हैं, जबकि गोलाम मुस्तफा काशीपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित सभा के लिए पुलिस से अनुमति लेने की प्रक्रिया गोलाम मुस्तफा ने ही पूरी की थी। इसी सभा में विधायक हुमायूं कबीर द्वारा कथित रूप से विवादित बयान दिए जाने का आरोप है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version