Home India अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी तत्काल कार्रवाई : मुख्यमंत्री योगी...

अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी तत्काल कार्रवाई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

0

लखनऊ, वायरल सच (ब्यूरो): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदेश में अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जनता दर्शन में मथुरा से आए एक वृद्ध ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव के चकरोड पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मथुरा के जिलाधिकारी को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण की नियमित निगरानी करें और ऐसी शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनता दर्शन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, राजस्व, पुलिस तथा बिजली जैसी मूलभूत सेवाओं से संबंधित अनेक शिकायतें भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गईं। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनता की प्रत्येक जायज समस्या के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के हितों की रक्षा और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों का हालचाल भी जाना और विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं तथा बच्चों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों से गर्मी के मौसम में संयमित खानपान अपनाने तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version