प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, राज बब्बर, जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कार्यकर्ताओं के साथ मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन

गुरुग्राम, वायरल सच (मनप्रीत कौर) : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56वां जन्मदिवस शुक्रवार को कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राज बब्बर और जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर बधाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर राहुल गांधी के जयकारे लगाते हुए एक-दूसरे को उनके जन्मदिन की बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में सरकार की पोल खोलने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने सदा मजबूती से काम किया है। कार्यकर्ताओं में वे हमेशा नया जोश पैदा करने का काम करते हैं। जमीन से जुडक़र वे काम करते हैं। उनके नेतृत्व में विपक्ष देश वासियों की आवाज को मजबूती देता है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिन केवल एक व्यक्ति का जन्मदिन नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। आज देश जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें राहुल गांधी ने सडक़ से संसद तक आम आदमी की आवाज उठाने का काम किया है। भारत जोड़ो यात्रा से उन्होंने यह साबित किया कि देश को नफरत नहीं, मोहब्बत से जोड़ा जा सकता है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा के कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं और 2029 तक हर बूथ पर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। राव नरेंद्र ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं और महंगाई, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करें।

पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि राहुल गांधी की सबसे बड़ी ताकत उनका डर रहित रवैया है। जो लोग सत्ता के दम पर देश को डराना चाहते हैं, राहुल गांधी उनके सामने डटकर खड़े होते हैं। उन्होंने कभी सत्ता के लिए सच का साथ नहीं छोड़ा। किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं हर वर्ग को उन्होंने अपनी यात्रा और भाषणों में जगह दी। गुरुग्राम के कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि हम भी डरेंगे नहीं और हर अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी है और गुडग़ांव में संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने कहा कि गुडग़ांव जैसे औद्योगिक शहर में मजदूर, प्रवासी और युवा वर्ग की समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा कहा है कि देश का विकास तभी होगा जब आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति को न्याय मिलेगा। हम गुडग़ांव में उनके भारत जोड़ो और न्याय के मिशन को घर-घर पहुंचाएंगे। आज कार्यकर्ताओं ने जो ऊर्जा दिखाई है, वह 2029 के चुनाव में रंग लाएगी। डावर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करें और हर वर्ग तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएं। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और राहुल गांधी के दीर्घायु होने की कामना की। कई वरिष्ठ नेताओं और महिला कार्यकर्ताओं ने भी संक्षिप्त संबोधन में राहुल गांधी की नीतियों की सराहना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles