नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): BRICS Summit से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समिट को लेकर करीब 30,000 सुरक्षाकर्मियों और 700 CCTV कैमरों की तैनाती की गई है। वहीं, VVIP मूवमेंट के कारण 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर अस्थायी पाबंदियां और ट्रैफिक डायवर्जन किए गए हैं।
भारत मंडपम में सुरक्षा का कड़ा घेरा
समिट के मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम को SPG और NSG ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एंटी-एयरक्राफ्ट गन, एंटी-ड्रोन सिस्टम और स्नाइपर तैनात किए गए हैं।
समिट के लिए दिल्ली पुलिस के करीब 15,000 जवान और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं।
700 CCTV कैमरों से निगरानी
लुटियंस दिल्ली में करीब 700 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। खासतौर पर उन 35 से अधिक रास्तों पर निगरानी रखी जा रही है, जिनसे विदेशी मेहमानों को भारत मंडपम और उनके होटलों तक लाया-ले जाया जाएगा।
VVIP काफिलों की आवाजाही और पूरे ऑपरेशन की निगरानी के लिए भारत मंडपम और तुगलक रोड पर दो कमांड रूम बनाए गए हैं।
100 K9 डॉग्स से सुरक्षा जांच
दिल्ली पुलिस के करीब 100 K9 डॉग्स भारत मंडपम और विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटलों में एंटी-सबोटाज जांच कर रहे हैं।
मुख्य आयोजन स्थल पर चौबीसों घंटे 30 स्निफर डॉग्स और उनके हैंडलर तैनात किए गए हैं। बाकी डॉग्स को होटलों में लगाया गया है और विदेशी मेहमानों तथा उनके परिवार के सदस्यों की आवाजाही से पहले बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जांच के लिए स्टैंडबाय रखा गया है।
NSG, सेना और अन्य पैरामिलिट्री फोर्स ने भी सुरक्षा जांच के लिए डॉग्स उपलब्ध कराए हैं।
इन डॉग्स की मदद से आयोजन स्थल और आसपास के छिपे स्थानों, सीटों, सीढ़ियों, बगीचों और पार्किंग एरिया में संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है।
VVIP मूवमेंट से ट्रैफिक पर असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर पूरी तरह बंद नहीं रहेगा, लेकिन VVIP काफिलों की आवाजाही के दौरान लोगों को कुछ समय के लिए रुकना पड़ सकता है और रास्तों में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रैफिक रोकने का समय पहले से तय नहीं होगा। सुरक्षा हालात और जमीनी स्थिति के आधार पर ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जाएगा।
35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित
मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड समेत 35 से अधिक सड़कें प्रभावित हो सकती हैं।
इसका असर नोएडा और सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के बीच आवाजाही पर पड़ सकता है। वहीं, द्वारका और वेस्ट दिल्ली से धौला कुआं, एयरपोर्ट और साउथ दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है।
दिल्ली में शनिवार को स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद
शनिवार को दिल्ली और केंद्र सरकार के दफ्तर बंद रहेंगे। इसके अलावा स्कूल भी बंद रहेंगे।
पुतिन और शी जिनपिंग के होटलों की सुरक्षा कड़ी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जिन दो होटलों में ठहरे हैं, उन्हें उनके देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।
प्रमुख इमारतों और बाजारों की सजावट
BRICS Summit के लिए पुरानी और नई संसद की इमारतों, सेंट्रल विस्टा के आसपास की संरचनाओं, मंत्रालयों की इमारतों और भाग लेने वाले देशों के दूतावासों समेत प्रमुख इमारतों को सजाया और रोशन किया गया है।
वहीं, चांदनी चौक, कनॉट प्लेस, सरोजिनी नगर और लाजपत नगर जैसे प्रमुख बाजारों को भी सजाया गया है। ये बाजार शनिवार और रविवार को खुले रहेंगे।
सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि कुछ विदेशी गणमान्य व्यक्ति और उनके परिवार के सदस्य यात्रा के दौरान इन बाजारों का दौरा कर सकते हैं।
रात 9 बजे तक सुरक्षा अलर्ट
शनिवार को सुरक्षा अलर्ट करीब रात 9 बजे तक लागू रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित शाम 7:30 बजे के गाला डिनर के बाद मेहमानों के अपने होटलों में लौटने की उम्मीद है।
