गुरुग्राम: डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से परिवहन तक सभी भुगतान अब होंगे एसडब्ल्यूएम पोर्टल से

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने स्वच्छता व्यवस्था में पारदर्शिता और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के आदेश के अनुसार अब ठोस कचरा प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) शाखा से जुड़े सभी स्वच्छता कार्यों का भुगतान केवल एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से ही किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

नए आदेश के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन, सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट और एसडब्ल्यूएम शाखा के अंतर्गत आने वाले सभी स्वच्छता कार्यों का भुगतान अब केवल पोर्टल के जरिए ही प्रोसेस होगा। किसी भी परिस्थिति में पोर्टल के बाहर भुगतान की अनुशंसा, स्वीकृति या जारी नहीं किया जाएगा।

आदेश के अनुसार अतिरिक्त निगमायुक्त-सह-क्लस्टर हेड को एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से भुगतान करने के लिए अधिकृत किया गया है। वहीं संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता (एसबीएम), वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भुगतान प्रक्रिया शुरू करने से पहले कार्य अभिलेख, मापन, अनुमोदन, कार्य पूर्णता, दंडात्मक कटौतियां तथा अन्य सभी आवश्यक विवरण पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होगा।

मुख्य लेखा अधिकारी को भी निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी स्वच्छता संबंधी भुगतान तब तक जारी न किया जाए, जब तक वह एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से विधिवत प्रोसेस और अनुमोदित न हो जाए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि तकनीक आधारित व्यवस्था अपनाकर नगर निगम स्वच्छता कार्यों में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना चाहता है। एसडब्ल्यूएम पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक कार्य का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी, गुणवत्ता का मूल्यांकन और भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेशों की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles