फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने गैस कटर से एटीएम मशीनों को काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी बिहार की जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि पहली घटना 3-4 जुलाई 2026 की रात भूपानी मोड़ स्थित हिताची मनी स्पॉट एटीएम में हुई थी, जहां गैस कटर से मशीन काटकर 6.53 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान बिहार निवासी विकास कुमार, गांव अटाली निवासी हुकमचंद और अरविंद को गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही हुकमचंद इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था। कर्ज में डूबे हुकमचंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम चोरी की योजना बनाई, गैस कटर सहित अन्य उपकरण उपलब्ध कराए और वारदात को अंजाम दिलाया। इस मामले का एक अन्य आरोपी राजू फिलहाल बिहार की जेल में बंद है।
पुलिस जांच के दौरान दूसरी वारदात का भी खुलासा हुआ, जिसमें 26-27 जुलाई 2026 की रात थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में जेसीबी चौक के पास स्थित हिताची एटीएम को काटकर करीब 5.71 लाख रुपये चोरी किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने बिहार निवासी विकास कुमार, उसके भाई विशाल कुमार और अभिषेक कुमार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पहली घटना के बाद राजू के जेल जाने पर विकास ने अपने भाई और अन्य साथी को बिहार से बुलाकर दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।
