फतेहाबाद की सीबीएसई 12वीं टॉपर काव्या चौधरी बनी एमएम कॉलेज की ब्रांड एम्बेसडर, उच्च शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी सोसायटी

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में फतेहाबाद का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्रा काव्या चौधरी को मनोहर मेमोरियल (एमएम) कॉलेज, फतेहाबाद ने अपना ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। कॉलेज परिसर स्थित अमरजीत कौर सेमिनार हॉल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान काव्या का विशेष अभिनंदन किया गया।

समारोह में एमएम एजुकेशन सोसायटी के प्रधान राजीव बत्रा ने घोषणा की कि काव्या चौधरी की आगामी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च सोसायटी द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज हमेशा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। समय पर मिला उत्साहवर्धन विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सोसायटी के कोषाध्यक्ष कैलाश बत्रा ने कहा कि काव्या की सफलता पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए काव्या चौधरी ने कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छोटे शहर या सामान्य पृष्ठभूमि सफलता की राह में कभी बाधा नहीं बनते। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी छात्र आईएएस, डॉक्टर या अन्य बड़े मुकाम हासिल कर सकता है।

काव्या ने अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए कहा कि पढ़ाई में कंसिस्टेंसी और बेसिक कॉन्सेप्ट्स की मजबूत समझ सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास, कैप्टन देवेन्द्र गेरा, प्रो. भव्या मुखी, डॉ. रोबिन आनंद, प्रो. विनोद कुमार सहित कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने काव्या चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles