नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम का कप्तान बनाया गया है। मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजन ने चयनित टीम को अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण बताते हुए खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा जताया है।
महिला हॉकी विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होगा। भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारियों में जुटी हुई है।
भारतीय टीम ने पिछले महीने न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में अपराजित रहते हुए खिताब जीता था। विश्व कप के लिए उसी विजेता टीम के अधिकांश खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया है।
विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा।
मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजन ने कहा कि खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से पहले कड़ी मेहनत की है और टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।
भारतीय टीम
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खरीबाम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।

