गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा कदम उठाया है। एक्सप्रेसवे के किनारे जहां-जहां रेलिंग टूटी हुई है, वहां दो से तीन मीटर की दूरी पर मजबूत क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं ताकि वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिरने से बच सकें।
इस पहल का असर शुक्रवार को ही देखने को मिला, जब नाहरपुर के सामने दिल्ली से मानेसर की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक क्रैश बैरियर से टकराकर रुक गया और नाले में गिरने से बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बैरियर नहीं होता तो ट्रक पलट सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।
राजीव चौक से हीरो होंडा चौक के बीच अधिकांश स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। आने वाले दिनों में एक्सप्रेसवे पर जहां भी रेलिंग क्षतिग्रस्त है, वहां यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
बारिश के दौरान एक्सप्रेसवे पर जलभराव होने से सड़क का किनारा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से टूटी रेलिंग और खुले नालों को लेकर चिंता जताई थी। अतीत में कई वाहन नाले में गिर चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
20 से अधिक अवैध कट भी होंगे बंद
NHAI अब एक्सप्रेसवे पर सिरहौल बॉर्डर से खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक बने 20 से अधिक अवैध कटों को भी बंद करने की तैयारी कर रहा है। इन कटों के कारण वाहन अचानक एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं।
क्रैश बैरियर लगाने का कार्य पूरा होने के बाद अवैध कटों को बंद करने का अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए NHAI ने जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा है।
NHAI के नवनियुक्त परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने कहा कि दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से स्थायी समाधान किया जाएगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
