गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के अवसर पर गुरुग्राम के अपैरल हाउस में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह ने केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
अपने संबोधन में राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन भारत की तकनीकी क्षमता, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता और भविष्य की परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है तथा हरियाणा के विकास में एक नई शुरुआत साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा को 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात प्रदेश के समग्र विकास को नई गति देगी। इससे आधारभूत संरचना मजबूत होगी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, सड़क एवं रेल संपर्क बेहतर होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प लगातार साकार हो रहा है और हरियाणा इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि “रेल चली बिना तेल, बिना बिजली” भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा हरियाणा प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत भी किया गया।

