मानेसर के गांव गढ़ी में ₹1.56 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, सड़क-सीवेज और पानी की लाइन बनेगी
वार्ड पार्षद जुगमिंद्र यादव ने बताया कि यह विकास कार्य पशु चिकित्सालय से बालाजी नगर तक राजस्व रास्ते में कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी, पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क सुविधा मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम मानेसर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। गांव गढ़ी में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से इस परियोजना की शुरुआत की गई है।
पार्षद ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के जेई साहिल सांगवान, सुदेश यादव, अरविंद सैनी, मोदी, चेतन, आयुष बंसल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
