प्रधानमंत्री ने पश्चिमबंग दिवस पर दी शुभकामनाएं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया नमन

नई दिल्ली, वायरल सच (हि.स.): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिमबंग दिवस (पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस) के अवसर पर राज्य के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल ने साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्म, विज्ञान, व्यापार, वाणिज्य और सामाजिक सुधार जैसे अनेक क्षेत्रों में अपने अमूल्य योगदान से भारत के इतिहास को महत्वपूर्ण रूप से आकार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, बौद्धिक परंपरा और सामाजिक जागरण की धारा ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती ने अनेक महान विभूतियों को जन्म दिया है, जिनके विचारों और कार्यों ने न केवल राज्य बल्कि पूरे राष्ट्र को प्रेरित किया है। बंगाल पुनर्जागरण से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन और आधुनिक भारत के निर्माण तक पश्चिम बंगाल का योगदान सदैव अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक चेतना और ज्ञान परंपरा भारतीय लोकतंत्र तथा सामाजिक जीवन की एक अमूल्य धरोहर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन हुए ऐतिहासिक निर्णयों के कारण यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहे। उन्होंने कहा कि यह दिवस राज्य के गौरवशाली इतिहास, संघर्षों और राष्ट्रीय एकता के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का स्मरण कराने का अवसर भी है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल को भारत के साथ बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि देश इस वर्ष डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है, जिससे उनके राष्ट्रवादी विचारों, दूरदर्शी नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर प्राप्त हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए मिलकर कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्रों में राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि राज्य की प्रतिभा, सांस्कृतिक समृद्धि और रचनात्मक ऊर्जा आने वाले वर्षों में भी भारत के विकास पथ को नई प्रेरणा और शक्ति प्रदान करती रहेगी। उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों के सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles