Home India क्रिकेट पर ऑनलाइन बेटिंग लगाने वाले तीन गिरफ्तार

क्रिकेट पर ऑनलाइन बेटिंग लगाने वाले तीन गिरफ्तार

0

नोएडा, वायरल सच (हि.स.): जिले में थाना सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बीती रात को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उनके कब्जे से 15 सिम कार्ड, चार लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 35 एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, चार मेट्रो कार्ड, 9 चेकबुक, चार पासबुक, एक वाई-फाई राउटर और एक लेनोवा कंपनी का टैबलेट बरामद हुआ है।

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-122 स्थित एक घर पर छापा मारा। यहां से प्रमांशु कुमार, प्रदीप सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपित अलग-अलग जनपदों के रहने वाले हैं। पिछले कुछ समय से नोएडा में रहकर इस अवैध गतिविधि को संचालित कर रहे थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह लोग विज्ञापन देकर लोगों को ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देते थे। इसके लिए वे लोगों को एक वेबसाइट और संबंधित ऐप से जोड़ते थे। जब लोग लालच में आकर पैसे निवेश करते थे, तो आरोपित उनके साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़प लेते थे। कोतवाली सेक्टर-113 में आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर ठगी की रकम, बैंक खातों और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

गिरफ्तार आरोपित प्रमांशु कुमार पॉलिटेक्निक का छात्र है, जबकि प्रदीप सिंह बीटेक की पढ़ाई कर चुका है। वहीं कुलदीप सिंह इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version