Home Haryana यमुनानगर: मायके में रहकर नशा बेचने का आरोप, 54 ग्राम हेरोइन के...

यमुनानगर: मायके में रहकर नशा बेचने का आरोप, 54 ग्राम हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार

0

एंटी नारकोटिक सेल की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

यमुनानगर, वायरल सच (ब्यूरो): यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने गांव ललहाड़ी कलां में कार्रवाई करते हुए एक महिला को 54 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला अपने मायके में रहकर कथित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री करती थी। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि ललहाड़ी कलां में एक महिला नशीले पदार्थों की बिक्री में सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया और नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया शुरू की।

तलाशी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ प्रीति तोमर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान हैदरपुर निवासी प्रियंका के रूप में हुई है। बताया गया है कि विवाह के बाद वह अपने मायके ललहाड़ी कलां में रह रही थी और वहीं से कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री करती थी।

पहले भी दर्ज है नशा तस्करी का मामला

एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से संबंधित एक मामला दर्ज है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

वर्तमान मामले में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला ने हेरोइन कहां से हासिल की थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार अदालत से रिमांड मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version