Home Delhi NCR वायरल सच की खबर का हुआ असर, प्रशासन ने लिया संज्ञान सेक्टर-5...

वायरल सच की खबर का हुआ असर, प्रशासन ने लिया संज्ञान सेक्टर-5 में HSVP की लगभग 7 एकड़ भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

0

गुरुग्राम, वायरल सच (मनप्रीत कौर) : वायरल सच द्वारा सेक्टर-5 स्थित चिंतपूर्णी मंदिर के पीछे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की भूमि पर हुए अवैध कब्जों का मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। एचएसवीपी की इंफोर्समेंट टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग 7 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 श्री राकेश सैनी के निर्देशानुसार तथा उपमंडल अभियंता (एसडीई) श्री गौरव यादव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सेक्टर-5 थाना पुलिस का पर्याप्त बल भी मौजूद रहा।

एसडीई गौरव यादव ने बताया कि उक्त भूमि पर लगभग 15 फूलों की दुकानें, 80 झुग्गी-झोपड़ियां, एक नर्सरी, दो पक्के कमरे, टीन शेड से बना गोदाम, आइसक्रीम रेहड़ियों का गोदाम तथा दो पशु डेयरियां अवैध रूप से स्थापित की गई थीं। दो जेसीबी मशीनों की सहायता से सभी अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पूर्व विभाग द्वारा दो दिन पहले मुनादी कराकर कब्जाधारकों को स्वयं स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा समय की मांग की गई तथा बहस भी हुई, लेकिन पुलिस की सहायता से स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

जेई आनंद प्रकाश ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं संजीव यादव बामडोली ने भी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उपमंडल अभियंता रामपाल यादव, जेई ललित हंस, संजीव यादव, बलविंदर, वीरेंद्र तहलान, धर्मेंद्र शर्मा तथा सर्वे टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version