वाराणसी, वायरल सच (ब्यूरो) : उत्तर भारत में पहाड़ों पर लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है। वाराणसी में गंगा का पानी चेतावनी बिंदु के बेहद करीब पहुँच गया है, जिससे शहर में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पलट प्रवाह के कारण वरूणा नदी के किनारे विकसित वरूणा कॉरिडोर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। आसपास के रिहायशी इलाकों—ढेलवरिया, हुकुलगंज, बघवानाला, पिपरहवा घाट, सलारपुर और सरैया—में पानी घुसने लगा है।
गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा
बुधवार सुबह केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, गंगा का जलस्तर वाराणसी में सुबह 8 बजे तक 68.94 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह मंगलवार के मुकाबले 52 सेंटीमीटर अधिक है। चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से यह महज 1.32 मीटर दूर है। शाम तक यह जलस्तर 68.70 मीटर तक पहुंच गया था, जिससे हालात और भी चिंताजनक हो गए हैं।
वरूणा कॉरिडोर डूबा, राहत शिविरों में पहुंचने लगे लोग
वरूणा कॉरिडोर का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो गया है। आसपास की बस्तियों में नालों और बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। सलारपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में पीड़ितों का पहुंचना शुरू हो गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया है।
गंगा आरती पर प्रतिबंध, मंदिर जलमग्न
गंगा जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण जल पुलिस ने नावों के जरिए गंगा आरती दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। घाटों तक पहुंचने के सभी संपर्क मार्ग डूब चुके हैं। दशाश्वमेध घाट पर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर बाढ़ की चपेट में आ चुका है, जहां अब सिर्फ मंदिर का ऊपरी हिस्सा ही दिखाई दे रहा है। आरती के बाद मंदिर का मुखौटा अहिलेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित कर पूजा वहीं करवाई जा रही है।
पूर्वांचल की नदियों में भी उफान
हालांकि जौनपुर की गोमती और आज़मगढ़ की छोटी सरयू का जलस्तर फिलहाल स्थिर है, लेकिन मिर्जापुर में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर अब घट रहा है, परंतु संगम क्षेत्र में जलभराव बना हुआ है। लेटे हुए हनुमान जी का मंदिर जलमग्न हो गया है और रिवर फ्रंट रोड भी डूब चुकी है।
प्रशासन सतर्क, राहत कार्य जारी
गाजीपुर, बलिया और वाराणसी जैसे जिलों में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
