Home Haryana सोनीपत: हमारा संकल्प है सहकारिता से ग्रामीण विकास: नायब सिंह सैनी

सोनीपत: हमारा संकल्प है सहकारिता से ग्रामीण विकास: नायब सिंह सैनी

0
सोनीपत सहकारिता ग्रामीण विकास

सोनीपत, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सोनीपत में राज्य स्तरीय 72वें सहकारिता सप्ताह-2025 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति गांवों में बसती है और ग्रामीण प्रगति का मार्ग सहकारिता से होकर ही गुजरता है। इस वर्ष को सहकारिता वर्ष के रूप में मनाते हुए सरकार का लक्ष्य सहकारिता से समृद्धि और समृद्धि से आत्मनिर्भरता को साकार करना है, सहकारिता से ग्रामीण विकासही हमारा संकल्प है । मुख्यमंत्री ने युवाओं से पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर आधुनिक, पारदर्शी सहकारी समितियां बनाने और डिजिटल भारत के माध्यम से इन्हें वैश्विक पहचान देने का आह्वान किया।

समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सहकारिता ध्वज फहराया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन लाखों लोगों की छोटी बचत और सामूहिक शक्ति का परिणाम है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है, जिसमें सहकारिता की भूमिका निर्णायक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सहकारिता मंत्रालय बनाकर इस क्षेत्र को नई ऊर्जा दी है और हरियाणा सरकार इस दृष्टि को जन आंदोलन में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 19 जिला केंद्रीय सहकारी बैंक 3 लाख से अधिक किसानों को रूपे किसान क्रेडिट कार्ड जारी कर चुके हैं। 21 पैक्स केंद्रों पर गोदाम बनाए जा रहे हैं। समय पर अदायगी करने वाले किसानों से फसली ऋण पर ब्याज नहीं लिया जाता, जिससे 5 लाख 31 हजार 652 किसानों को अब तक 1,223 करोड़ रुपये की राहत दी गई है। हैफेड रोहतक में लगभग 180 करोड़ रुपये की लागत से मेगा फूड पार्क स्थापित कर रहा है। शुगर फैड की 10 चीनी मिलें 93 प्रतिशत क्षमता से कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि 710 पैक्स का कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिनमें 475 को ई-पैक्स बनाया जा चुका है। दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत हर ब्लॉक में आधुनिक गोदाम बनाए जा रहे हैं। एफपीओ को सहकारिता से जोड़कर नई आर्थिक ताकत दी जा रही है। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सहकारिता को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। पैक्स अब ऋण संस्था भर नहीं, बल्कि 25 प्रकार की परियोजनाओं के माध्यम से युवाओं, किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिहार चुनाव में भाजपा की जीत पर अतिथियों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और गोहाना की प्रसिद्ध जलेबी खिलाकर खुशी मनाई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, विधायक पवन खरखौदा, विधायक देवेंद्र कादियान, सोनीपत नगर निगम मेयर राजीव जैन, देवेंद्र कौशिक, प्रदीप सांगवान, जिला अध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, जिला अध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण की सीईओ एमोना श्री निवास आदि मौजूद रहे।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version