Home Haryana सोनीपत: मां-बेटे ने पहले प्रयास में पावरलिफ्टिंग में 6 पदक झटक कर...

सोनीपत: मां-बेटे ने पहले प्रयास में पावरलिफ्टिंग में 6 पदक झटक कर रचा इतिहास

0
सोनीपत पावरलिफ्टिंग मां बेटे गोल्ड मेडल

सोनीपत, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा के सोनीपत जिले से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहाँ विकास नगर की रहने वाली 40 वर्षीय शिक्षिका ज्योति और उनके 16 वर्षीय बेटे मौलिक ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर 6 स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह इन दोनों का प्रतियोगिता में पहला प्रयास था, लेकिन उन्होंने तीन-तीन वर्गों में अपने दमदार प्रदर्शन से सबको चौंका दिया।

ज्योति, जो मॉडल संस्कृति स्कूल में एक प्राथमिक शिक्षिका हैं, दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद शाम को नियमित रूप से जिम में अभ्यास करती हैं। उन्होंने बताया कि फिटनेस के लिए वह वर्षों से जिम जाती थीं, लेकिन पावरलिफ्टिंग की ट्रेनिंग उन्होंने मात्र एक महीने पहले शुरू की थी।

गुजरात के मेहसाणा में आयोजित इस प्रतियोगिता में ज्योति ने मिक्स श्रेणी, 63 किलो भार वर्ग, और 40 वर्ष आयु वर्ग में भाग लिया। उन्होंने डेडलिफ्ट में 70 किलो, स्क्वाट में 75 किलो, और बेंच प्रेस में 30 किलो वजन उठाकर तीनों इवेंट में स्वर्ण पदक जीते।

उनका बेटा मौलिक, जो कक्षा 11 का छात्र है, ने सब-जूनियर वर्ग के 63 किलो भार में तीनों ही इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मां-बेटे ने पावरलिफ्टिंग की शुरुआत सिर्फ 20 किलो की रॉड से की थी और अब 200 किलो तक वजन उठाने में सक्षम हैं।

ज्योति और मौलिक की यह कहानी सिर्फ एक प्रतियोगिता में जीत की नहीं है, बल्कि यह दृढ़ निश्चय, परिश्रम और पारिवारिक सहयोग की मिसाल है। अब उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना है।

इनकी यह उपलब्धि ना केवल सोनीपत जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है, जो जीवन में किसी भी उम्र या परिस्थिति में नया शुरू करना चाहता है। मां-बेटे की यह जोड़ी यह साबित करती है कि समर्पण और मेहनत से कुछ भी असंभव नहीं।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version