सोनीपत, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर उपमंडल के गांव खुबडू में आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित रचओम रोटरी स्मार्ट आंगनवाड़ी प्ले स्कूल का उद्घाटन विधायक देवेंद्र कादियान ने किया। यह आंगनवाड़ी केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जनसहयोग के माध्यम से ग्रामीण बच्चों के समग्र विकास की एक नई और अभिनव पहल है।
इस कार्यक्रम में गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “गांवों में खाली पड़े मकानों को आंगनवाड़ी, पुस्तकालय और खेल केंद्र के रूप में उपयोग में लाकर एक सामाजिक शिक्षा क्रांति लाई जा सकती है।” उन्होंने स्मार्ट आंगनवाड़ी को ग्रामीण शिक्षा प्रणाली के लिए एक आदर्श मॉडल बताया।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के गवर्नर प्रशांत राज शर्मा ने इसे शिक्षा और सेवा का प्रेरणास्पद मॉडल कहा। समारोह में ICDS गन्नौर की प्रभारी निर्मल, रोटरी क्लब गन्नौर के अध्यक्ष मनीष बंसल, सचिव श्रेय त्यागी, अमित बत्रा, सरपंच और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इस स्मार्ट आंगनवाड़ी में बच्चों के लिए 0-6 वर्ष की उम्र तक के पोषण, स्वास्थ्य, पूर्व-शिक्षा और मातृत्व परामर्श की समेकित व्यवस्था की गई है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें AI-बेस्ड स्मार्ट बोर्ड लगाया गया है, जो बच्चों को इंटरएक्टिव स्टोरीज़, कविताओं, रंग और ध्वनि की पहचान जैसे गेम्स के जरिए पढ़ने और समझने में मदद करता है। यह बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करता है और उन्हें सीखने के प्रति प्रेरित करता है।
इस परियोजना को डॉ. जोगिंदर सिंह धनखड़ ने अपने माता-पिता कैप्टन रछपाल सिंह और ओमपती देवी की स्मृति में शुरू किया और इसे ICDS विभाग को सौंपा ताकि सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके।
धनखड़ फाउंडेशन और रोटरी क्लब गन्नौर के सहयोग से बनी यह स्मार्ट आंगनवाड़ी एक मॉडल की तरह कार्य करेगी, जिसे हर गांव में लागू किया जा सकता है। यह पहल बाल शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक उत्थान की दिशा में एक सशक्त कदम है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
