Home Haryana सिरसा के शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, शिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का...

सिरसा के शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, शिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0

सिरसा, वायरल सच (ब्यूरो): जिलेभर में सावन शिवरात्रि का पर्व मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और आसपास के शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सिरसा के तारा बाबा कुटिया, खाटू श्याम धाम और शिवपुरी धाम सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही शिव भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर परिसरों में लंगर और भंडारों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

शिव भक्तों ने परिवार सहित ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान भोलेनाथ को कावड़ चढ़ाई और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

शिव मंदिर के पुजारी गणेश शर्मा ने बताया कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। सावन के प्रत्येक सोमवार और विशेष रूप से सावन शिवरात्रि का भक्तों के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि सावन शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से श्रद्धालु भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि सावन शिवरात्रि भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे धार्मिक पर्व लोगों को एकजुट करने के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version