शिमला, वायरल सच (ब्यूरो) : शिमला इमारत हादसा सोमवार सुबह उस समय सामने आया जब भट्टाकुफर माठू कॉलोनी में एक पांच मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह गिर गई। यह हादसा महज तीन सेकेंड में हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
बारिश बनी आफत, लैंडस्लाइड ने ली इमारत की जान
बीती रात से ही शिमला में तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश ने ज़मीन को इतना कमजोर कर दिया कि आज सुबह होते-होते एक बहुमंजिला भवन धराशायी हो गया। सौभाग्य से, इस भवन को खतरे को भांपते हुए रात में ही खाली करवा दिया गया था, जिस कारण कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।
फोरलेन निर्माण पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस हादसे के पीछे फोरलेन निर्माण कार्य जिम्मेदार है। लोगों का कहना है कि भवन के ठीक नीचे सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था, जिससे ज़मीन में दरारें पड़ गईं थीं। प्रशासन को समय रहते चेताया भी गया, मगर कोई कदम नहीं उठाया गया।
आसपास की इमारतें भी खतरे में
गिरी हुई इमारत के आसपास बने अन्य भवनों की हालत भी डावांडोल बताई जा रही है। लोगों ने डर के मारे अपने-अपने घर खाली करने शुरू कर दिए हैं। कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोग खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर हो गए हैं।
प्रशासन नदारद, स्थानीयों में नाराज़गी
हैरत की बात यह है कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद अब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। स्थानीय लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर जबरदस्त रोष है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
